जागरण संवाददाता, मथुरा: सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ के आने से पहले शहर की सड़कें को धो दिया गया और बेसहारा पशुओं को खोज-खोज कर कान्हा गोशाला वृंदावन में बंद कर दिया गया। सीएम के कार्यक्रम की सूचना मिलते ही निगम की टीम सफाई में लग गई। पूरी रात अभियान चलाकर सपाई हुई। पशुओं को सड़कों से हटाया गया। अपने पशुओं को खोलकर हांकने में पांच लोगों पर कार्रवाई पर साढ़े नौ हजार रुपये का जुर्माना वसूला। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के जिला अस्पताल और कोविड कमांड सेंटर का निरीक्षण करने के लिए मथुरा आने की सूचना मुख्यमंत्री कार्यालय से जिला प्रशासन को बुधवार रात मिली। औपचारिक कार्यक्रम देर रात जिला प्रशासन को प्राप्त हो गया। उसके बाद नगर आयुक्त अनुनय झा ने अपनी पूरी टीम को शहर की साफ-सफाई के लिए उतार दिया। रात भर सफाई अभियान चलाया गया। पानी के टैंकरों से मुख्य सड़कों को धो दिया। कलक्ट्रेट से लेकर भूतेश्वर स्टेट बैंक चौराहा, सौंख अड्डा, डैंपियर नगर तक सड़क के दोनों किनारों पर चूना डाला गया। चंपा बाल मंदिर के नुक्कड़ पर बने डलाबघर को साफ कर चूना छिड़क दिया। टैंक चौराहे से लेकर जिला अस्पताल तक के मार्ग भी चमका दिया। सड़क किनारे रहने वाले ठेल ढकेल वालों को हटा दिया। काली मंदिर के आसपास रहने वाले भिक्षुकों को भी छावनी स्टेशन भेज दिया। इसके साथ ही सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा पशुओं को पकड़ कर गोशाला भेजने का अभियान भी छेड़ दिया। 24 घंटे में 59 बेसहारा पशुओं को पकड़ कर नगर निगम की टीम ने कान्हा गोशाला भेज दिया। इस बीच पांच पशु ऐसे भी पकड़ में आए, जिनको लोगों ने घरों से खोलकर सड़कों पर हांक दिया था। उनके खिलाफ भी नगर निगम ने कार्रवाई की और साढ़े नौ हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। मुख्यमंत्री के आने से पहले पूरा क्षेत्र को साफ-सुथरा कर दिया।
संवाद सहयोगी, वृंदावन: सुनरख मार्ग के लोटस गार्डन होम्स आवासीय अपार्टमेंट में बिल्डर की ओर से यहां रहे रहे लोगों का परेशान करने का मामला एक बार फिर सामने आया है। अपार्टमेंट में रह रहे लोगों द्वारा कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत के बावजूद बिल्डर मनमानी से बाज नहीं आ रहा। अब तीन दिन से आवासीय अपार्टमेंट की पेयजल सप्लाई पूरी तरह बाधित कर दी है। कोरोना कर्फ्यू में लोग बाहर भी पानी लेने के लिए नहीं जा सकते। घरों में कैद लोग एक-एक बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। बिल्डर की इस हरकत से परेशान लोगों ने जब मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। बावजूद इसके बिल्डर ने पेयजल सप्लाई सुचारू नहीं की है।
जागरण संवाददाता, मथुरा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर पहुंचे, तो वहां की गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जो मरीज होम आइसोलेट हैं, उन्हें बराबर फोन कर जानकारी की जाए। उन्होंने टेलीकंसल्टेशन की भी जानकारी ली। करीब तीन बजे कोविड कमांड सेंटर पहुंचे मुख्यमंत्री ने यहां की व्यवस्थाएं देखी। कहा कि कितनी काल रोज आती हैं और कितनी काल यहां से की जाती हैं। जो लोग होम आइसोलेट हैं, उनका बराबर ख्याल रखा जाए। सेंटर के नोडल अधिकारी डा. नितिन गौड़ ने विभिन्न टीमों द्वारा की जा रही कार्रवाई के बारे में सीएम को बताया। यहां सीएम ने कहा कि सभी संबंधित टीम होम आइसोलेट मरीजों से फोन पर उनके स्वास्थ्य के बारे में तो जानकारी करें ही उनका आक्सीजन लेवल भी पता करें। मेडिकल किट हर मरीज को पहुंचे, ये भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यहां डीएम नवनीत सिंह चहल और सीएमओ डा. रचना गुप्ता को कांट्रेक्ट ट्रेसिग पर जोर देने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि कोई मरीज कोरोना संक्रमित पाया जाता है, तो वह कहां-कहां गया और किसके संपर्क में रहा, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए और जांच का दायरा बढ़ाया जाए। मुख्यमंत्री ने यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रचना गुप्ता से कहा कि ये जरूरी है कि संक्रमित मरीज की पूरी हिस्ट्री ला जाए, ताकि उसके संपर्क में आने वाले लोगों को जल्द से जल्द खोजकर उनकी जांच कराई जा सके। शहर में संक्रमण की चेन तभी टूटेगी, जब अधिक से अधिक कांट्रेक्ट ट्रेस कर उनकी जांच और उपचार होगा।